सरकार में आने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री से स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव अपने वादे पर अमल करते दिखाई दे रहे हैं। इसी हफ्ते सिविल कोर्ट में 7692 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं अब तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि जल्दी स्वास्थ्य विभाग में 60000 पदों पर बहाली शुरू की जाएगी।उन्होंने भोजपुर में बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं संबंद्ध विज्ञान संस्थान के उद्घाटन के मौके पर यह बात कही।

तेजस्वी यादव ने कही ये बात

उन्होंने कहा कि बिहार के स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही 60 हजार पदों पर नियुक्ति होगी। मानव संसाधन की पूर्ति के लिए इस साल के अंत तक बिहार में Public Health Management Cadre का सृजन कर लिया जाएगा। जिससे बिहार के युवाओं और बेरोजगारों को नौकरी के अधिक अवसर मिलेंगे। प्रथम चरण में करीब 60 हजार से अधिक रिक्तियों को भरने की कार्रवाई की जा रही है। लगभग 17 हजार पदों के लिए विज्ञापन निकाला जा चुका है। वार्ड के लिए आशा कार्यकर्ता का चयन किया जाएगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था में गड़बड़ी दूर करने का भी किया ऐलान

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को नियमित ड्यूटी करनी होगी। उनकी अनुपस्थिति व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महागठबंधन की नई सरकार जनता व गरीबों की है। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अस्पताल में ही सभी दवाइयां मिलेंगी। इस पर काम शुरू हो गया है। जिले में ही इलाज की मजबूत व्यवस्था कर दी जाएगी, ताकि लोगों को इलाज के लिए पटना नहीं आना पड़े।