पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कुछ देर बाद ऐतिहासिक फैसला लेने जा रहे हैं। मान ने ट्वीट कर लिखा कि वे थोड़ी ही देर में फैसले का ऐलान करेंगे। बता दें कि, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव में हजारों लोगों की मौजूदगी में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने यहां राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा किया था। शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकड़ कलां गांव में एक जनसभा में उन्होंने कहा था आज से ही काम शुरू हो जाएगा. हम एक दिन भी बर्बाद नहीं करेंगे। पहले ही 70 साल की देरी हो चुके है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट करके बताया कि वे ऐतहासिक फैसला लेने जा रहे हैं। उनके इस ट्वीट के बाद मीडिया की नजर अब उनके आने वाले ऐतिहासिक फैसले पर टिक गई है।

‘आप’ पंजाब विधानसभा चुनावों में मिले भारी जनादेश के बाद जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहती है। पार्टी, अब दिल्ली के बाद दूसरे राज्य में सत्ता में है और उसे पंजाब में हाल में हुए चुनावों में जनता ने 117 में से 92 सीटें जिताई हैं। ‘आप’ की लहर से कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन और अमरिंदर सिंह की लोक कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी पार्टियों का सफाया हो गया। मान राज्य के 28वें मुख्यमंत्री हैं।