बिहार में आज दो पथ निर्माण मंत्री एक साथ एक मंच पर नजर आएंगे। जहां एक तरफ केंद्रीय पथ निर्माण मंत्री नितिन गडकरी होंगे, वहीं दूसरी तरफ बिहार के पथ निर्माण मंत्री तेजस्वी यादव। मौका होगा नितिन गडकरी दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लोकार्पण और पुल के शिलान्यास के कार्यक्रम। जहां सड़क का लोकार्पण बक्सर में होना है। वहीं पुल का शिलान्यास कार्यक्रम रोहतास में होगा। इन दोनों कार्यक्रम में गडकरी और तेजस्वी यादव एक साथ नजर आएंगे।

पूर्व में जब बिहार में महागठबंधन की सरकार थी तब उप मुख्यमंत्री सह पथ निर्माण मंत्री की हैसियत से तेजस्वी ने नितिन गडकरी से दिल्ली में कई बार मुलाकात की थी। जिसमें दोनों की साझेदारी पटना के गांधी सेतु के फिर से निर्माण पर सहमति बनी थी।

दो एनएच को जोड़ेगी नई सड़क

जिन फोरलन सड़कों का नितिन गडकरी लोकार्पण करेंगे उनमें एक है कोईलवर से भोजपुर फोर लाइन सड़क। यह सड़क NH-30 को NH-84 से जोड़ती है। इसकी लंबाई 44 किलोमीटर है और निर्माण लागत 1662 करोड़। इस सड़क के माध्यम से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की संपर्कता था मिल रही है। लखनऊ के रास्ते दिल्ली जाना आसान होगा। दिल्ली पहुंचने में 15 घंटा के जगह अब 10 घंटा लगेगा। आरा में लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी। इस सड़क के लिए 37 अंडरपास, 5 बड़े पुल तथा 13 छोटे पुल बनाए गए हैं।

दूसरी सड़क भोजपुर से बक्सर के बीच की है। कोईलवर से भोजपुर आने वाली फोरलेन सड़क इससे मिल रही। भोजपुर-बक्सर फोरलेन सड़क को एनएच-84 के नाम से जाना जाता है। इसकी लंबाई 48 किलोमीटर है और निर्माण लागत 1728 करोड़ रुपए। दोनों सड़क पटना-बक्सर फोर लाइन के पैकेज में शामिल है। इन दोनों सड़कों का लोकार्पण बक्सर के अहरौली में होगा।

पंडुका पुल बनने से झारखंड और बिहार की घटेगी दूरी

नितिन गडकरी रोहतास के नौहट्टा में पंडुका पुल का शिलान्यास करेंगे। इसकी लागत 210 करोड रुपए हैं। पंडुका पुल बन जाने से पंडुका से झारखंड के गढ़वा की दूरी 200 किलोमीटर से घटकर 63 किलोमीटर की हो जाएगी। पुल बन जाने से सासाराम, डेहरी ऑनसोन व औरंगाबाद के लोगों को जाम से भी छुटकारा मिल जाएगा। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के लोगों को भी सहज संपर्कता उपलब्ध होगी। रोहतास के प्रभारी मंत्री की हैसियत से यहां भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहेंगे।