ब‍िहार के सुल्‍तानगंज से अगुआनी घाट तक गंगा नदी पर बन रहे सड़क पुल का एक भाग बीते 29 अप्रैल को आंधी के दौरान गिर गया था। इस मामले की जांच की हकीकत समाने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री न‍ित‍िन गडकरी तब हैरान रह गए, जब उनके सचिव ने बताया कि ऐसा तेज हवा और धुंध के कारण हुआ था। नितिन गडकरी ने नई दिल्‍ली में आयोजित एक कार्यक्रम में खुद इसकी जानकारी दी है।

गडकरी ने पूछा: हवा व धुंध से कैसे गिर सकता है पुल?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हवा और धुंध के कारण पुल कैसे गिर सकता है, यह बात उनकी समझ से परे है। इस मामले में मिली ऐसी जांच रिपोर्ट पर एक आईएएस अधिकारी कैसे विश्‍वास कर सकता है, यह भी सवाल है। गडकरी ने इशारों में कहा कि पुल के गिरने का कारण कुछ और होगा। कहीं कुछ गलती हुई होगी।

2014 में शुरू हुआ था पुल का निर्माण, अब तक अधूरा

विदित हो कि बिहार में भागलपुर के सुल्तानगंज में सुल्तानगंज से अगुआनी घाट के बीच 3.160 किलोमीटर का सड़क पुल बनाया जा रहा है। बीते नौ मार्च 2015 को पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। खगड़िया की ओर से 16 किलाेमीटर और सुल्तानगंज की ओर से चार किलाेमीटर लंबे एप्रोच राेड का निर्माण हो रहा है। पुल 2019 तक पूरा हो जाना था। हालांकि, निर्माण कार्य अभी तब अधूरा है। अब तो पुल के ध्‍वस्‍त होने के कारण इसमें और ब्रेक लग गया है। पुल के बन जाने से खगड़िया से भागलपुर आने-जाने के लिए केवल 30 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। इससे जनता को बड़ी राहत मिलगी।

जेडीयू विधायक ने लगाया था भ्रष्‍टाचार का आरोप

आंधी में निर्माणधीन पुल के एक हिस्सा के गिर जाने के बाद जनता दल यूनाइटेड के विधायक ललित नारायण मंडल ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। उन्‍होंने बताया था कि इस मामले को मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के सामने रखा गया है और जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी।