वर्तमान में बिहार से झारखंड के लिए कई प्राइवेट बसें चलती हैं लेकिन अधिकांश रूटों पर परिवहन निगम की सेवाएं नहीं है। अब दक्षिण बिहार के भागलपुर से झारखंड के साहिबगंज के लिए जल्द ही निगम की बस सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। झारखंड के साहेबगंज तक निगम की बस को चलाने के लिए परमिट भी पास हो गया है। परमिट मिलते ही बस सेवा शुरू हो जायेगी।

दो-तीन दिनों में मिल जाएगा परमिट

भागलपुर से अब झारखंड के साहेबगंज जाने के लिए लोग अब निगम के बस से यात्रा कर सकेंगे। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शॉडिल्य ने बताया कि जल्द ही साहेबगंज के लिए बस सेवा शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि इस रूट पर चलने के लिए परमिट भी पास हो गया है। दो से तीन दिन में परमिट मिल जायेगा। साथ ही रूट तैयार करने के लिए भी मुख्यालय को भेजा गया है। बता दें कि अभी तक भागलपुर से झारखंड के लिए निगम की कोई भी बस सेवा नहीं थी।

अन्य शहरों के लिए फिर शुरू होगी बस सेवा

भागलपुर पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के मुताबिक, परमिट मिलते ही बस सेवा को चालू की जायेगी। एक से दो दिन में किराया भी तय कर लिया जायेगा। मालूम हो कि झारखंड के देवघर के लिए पहले बस सेवा थी। उसे बंद हुए कई साल हो गये। झारखंड के दूसरे जिलों में बस सेवा शुरू करने को लेकर मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। भविष्य में अन्य शहरों के लिए भी सेवा शुरू की जाएगी।